नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ बीते 4 माह से जारी किसान आंदोलन के बीच शनिवार को नाराज किसानों ने पंजाब के भाजपा विधायक की पीटाई कर दी। इसके साथ ही उनके कपड़े फाड़ दिए और उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। पुलिस की सहायता से उन्हें किसी तरह बचाया गया। भाजपा विधायक पर यह हमला पंजाब के मलोट शहर में हुआ है।
दरअसल, पंजाब की अबोहर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अरुण नारंग शनिवार को मलोट पहुंचे। अरुण नारंग यहां पंजाब सरकार के खिलाफ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उन पर यह हमला हुआ।
खबरों के मुताबिक किसान पहले से ही भाजपा दफ्तर के सामने विधायक अरुण नारंग का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही नारंग अपनी कार में वहां पहुंचे। किसानों ने उन्हें घेर लिया और उन पर स्याही फेंक दी और उनकी कार पर भी कालिख पोत दिया। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता नारंग को एक दुकान के अंदर ले गए. लेकिन बाद में जब नारंग बाहर आए, तो कथित तौर पर किसानों ने उन पर हमला कर दिया. उनके साथ मारपीट की।
दो भाजपा नेताओं से भी की मारपीट
मलोट में किसानों ने आज सिर्फ भाजपा विधायक नारंग के साथ ही मारपीट नहीं की। बल्कि भाजपा के दो और नेताओं के साथ भी हाथापाई की। पुलिस भाजपा नेताओं को एक दुकान के अंदर ले गई और पीछे के रास्ते से उन्हें निकाला। सूत्रों ने बताया कि हाथापाई के दौरान एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को भी हल्की चोट लगी क्योंकि हाथापाई करीब एक घंटे तक जारी रही।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd