हरियाणा। सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा में लगातार भाजपा का विरोध जारी है। शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल भाजपा सांसद अरविंद शर्मा के पिता की 17वीं में शामिल होने रोहतक पहुंच चुके हैं। वहीं किसान सीएम के आगमन का विरोध कर रहे हैं। किसान मस्तनाथ विश्वविद्यालय में बनाए गए हेलीपैड की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोका। इस पर पुलिस और किसानों के बीच हिंसक झड़प हो गई है। किसानों के पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है। वहीं भड़के किसानों ने बैरिकेड उखाड़ दिए। मामले को बढ़ता देख आईजी संदीप खिरवार मौके पर पहुंच चुके हैं।
वहीं मुख्यमंत्री कैनाल विश्राम गृह पहुंच गए। काफिला सुरक्षित विश्राम गृह परिसर में पहुंच चुका है। इससे पहले कड़ी सुरक्षा के बीच सीएम के हेलीकॉप्टर के लैंडिंग की जगह डेढ़ घंटे में दो बार बदली गई। सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की व्यवस्था पुलिस प्रशासन ने बाबा मस्तनाथ मठ परिसर में की। यहां बोहर के किसानो के हंगामे के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में हेलीकॉप्टर लैंडिंग की जगह बदल कर पुलिस लाइन परिसर कर दी। इसके बाद दोपहर करीब 2:00 बजे सुनारिया पीटीसी सेंटर में हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सूचना मिली। वहीं हेलीकॉप्टर लैंड होने के बाद सीएम कैनाल विश्राम गृह पहुंचे।
सीएम की सुरक्षा में 9 डीएसपी, 15 इंस्पेक्टर समेत 1500 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया हैं। इसके लिए दूसरे जिलों से डीएसपी व पुलिसकर्मी विशेष रूप से बुलाए गए हैं। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के पिता की रस्म पगड़ी कार्यक्रम शनिवार को पुरानी आईटीआई परिसर में होगा।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd