सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रविवार सुबह 1200 मेगावाट की अनपरा सी लैंको परियोजना में 600 मेगावाट की यूनिट नंबर दो के अनुरक्षण कार्य के दौरान बॉयलर की शटरिंग गिर गयी। इसमें 13 मजदूर घायल हो गए। इस घटना से परियोजना में हड़कंप मच गया है।
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि यूनिट नंबर-दो के बॉयलर अनुरक्षण के लिए 80 मीटर ऊंचाई पर लगाया गया भाड़ा भरभरा कर गिर गया। इसमें काम कर रहे श्रमिक नीचे गिरकर घायल हो गए। मलबे में फंसे मजदूरों को जब बाहर निकाला गया तो 13 लोग घायल मिले। इसमें से पांच की हालत गंभीर है। जिनको इलाज के लिए जयंत के नेहरू चिकित्सालय भेजा दिया गया है।
उधर घटना के बाद परियोजना में हड़कंप मच गया। मौके पर स्थानीय पुलिस व परियोजना के अधिकारी डटे हुए हैं। घायलों को ले जाने के लिए कई चिकित्सालयों की एंबुलेंस लगाई गई हैं। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि अनुरक्षण कार्य के दौरान घटना हुई है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
वहीं जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, लैंको कंपनी के थर्मल पावर प्लांट में हुई दुर्घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया है कि मौके पर तत्काल राहत कार्य कराया जाए। घायलों का उचित इलाज कराया जाए और गंभीर रूप से घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों पर भेजा जाए।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd