जोधपुर के बोरुंदा क्षेत्र में रविवार को मनरेगा के तहत काम कर रही महिलाओं पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। एक पेड़ को काटने के दौरान मधुमक्खियों का छत्ता एक महिला पर आ गिरा। इसके बाद मधुमक्खियों ने वहां काम कर रही महिलाओं को काटना शुरू कर दिया। करीब 40 महिलाओं को मधुमक्खियों ने काटा। इनमें से 6 की तबीयत ज्यादा खराब होने पर इलाज के लिए जोधपुर लाया गया। बाकी महिलाओं का इलाज बोरुंदा में ही किया जा रहा है।
रविवार सुबह बोरुंदा क्षेत्र की महिलाएं मनरेगा के तहत एक स्थान पर खुदाई के काम में जुटी थीं। एक पेड़ बीच में आने पर किसी ने उसे काटना शुरू कर दिया। इस दौरान पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते को किसी ने नहीं देखा। यह छत्ता नीचे खड़ी एक महिला के ऊपर गिर गया। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों ने वहां काम कर रही किसी महिला को नहीं छोड़ा।
बचाव के लिए चिल्लाते हुए महिलाओं ने भागना शुरू कर दिया। काफी देर बाद मधुमक्खियां शांत हुई। इन सभी महिलाओं को एक एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जिस महिला के ऊपर छत्ता गिरा और उसके पास खड़ी पांच अन्य महिलाओं को मधुमक्खियों ने सबसे ज्यादा डंक मारे। इन 6 महिलाओं की तबीयत ज्यादा खराब होने पर जोधपुर रैफर कर दिया गया।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd