यूपी। देश में आरोपियों का साहस अब बढ़ता ही जा रहा है। उनमें जैसे पुलिस और प्रशासन का डर अब खत्म हो गया है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से जहां बेटी की छेड़छाड़ का विरोध करने वाले किसान पिता पर शोहदों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। जिससे उसकी मौत हो गई।
बता दें कि सासनी गेट के रहने वाले एक किसान ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने वालें बदमाशों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद बदमाशों ने बदला लेने के लिए सोमवार को ऐसी घटना को अंजाम दे डाला जिससे पूरा गांव हैरान हो गया। बदमाशों ने खेत में आलू खोदवा रहे किसान पिता पर मौका पाते ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही पूरा परिवार सदमे में है।
बता दें कि मृतक पिता ने 16 जुलाई 2018 को घर में घुसकर बेटी से छेड़खानी करने वाले मुख्य आरोपी गौरव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद गौरव 15 दिनों तक जेल में रहा था। इसका मुकदमा अभी चल रहा है। वहीं जेल से बाहर आने के बाद से ही गौरव युवक पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था। लेकिन उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया था। जिससे गौरव उनसे रंजिश मानता था।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की पत्नी और चाची मंदिर गई हुई थीं। उसी समय मृतक की दोनों बेटियां भी उसी मंदिर में थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पुराने मुकदमे को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद आरोपी और बेटियों के पिता बाद में वहां पहुंचे और उनके बीच भी बहस होने लगी। इसी बीच आरोपी ने युवक पर गोलियों चला दी। जिसके बाद किसान को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं अब आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं।
वहीं फायरिंग के दौरान एक हमलावर को भी गोली लग गई थी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद अन्य हमलावर उसे अपने साथ गाड़ी में लेकर फरार हो गए। देर शाम मृतक की पुत्री ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जहां गौरव, रोहतास शर्मा, निखिल शर्मा, ललित शर्मा व दो अन्य पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मृतक की पुत्री ने चार नामजद सहित छह लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं इनमें से 2 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd