लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाने की पुलिस ने सोमवार को धोखाधड़ी से एंबेसडर कार हड़पने के मामले में संलिप्त आरोपी विकास दुबे के बहनोई कृष्ण गोपाल दीक्षित को उन्नाव के अचलगंज करौली से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी कृष्ण गोपाल लंबे समय से फरार चल रहा था। एसीपी कृष्णानगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की। वहीं पुलिस आरोपी गोपाल से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि पिछले दिनों कृष्णा नगर पुलिस ने विकास के भाई दीप प्रकाश के घर से सरकारी नंबर की एंबेसडर कार बरामद की थी। छानबीन में पता चला कि ये कार धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज के जरिए हड़पी गई है। पुलिस के मुताबिक जाली कागजात बनवाने में कृष्ण गोपाल ने दीप प्रकाश की मदद की थी। विवेचना में इसकी पुष्टि होने के बाद आरोपित का नाम मुकदमे में बढ़ाया गया। बता दें कि पिछले साल जुलाई महीने में कानपुर के बिकरू में दबिश देने गई पुलिस पर विकास दुबे ने साथियों के साथ हमला बोल दिया था।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd