नई दिल्ली। क्रिकेट इतिहास में 16 मार्च का दिन बड़ा खास है। आज से 14 साल पहले 2007 के वनडे वर्ल्ड कप 2007 में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज हर्शल गिब्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का कारनामा किया था। वो ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की थी। वनडे क्रिकेट में उनका ये रिकॉर्ड आज तक कायम है। हालांकि, टी20 क्रिकेट में जरूर भारत के युवराज सिंह और वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कायरान पोलार्ड लगातार 6 छक्के लगाने का कारनामा दोहरा चुके हैं। गिब्स ने अपने ट्विटर अकाउंट पर अपनी इस पारी का एक वीडियो शेयर किया है।
दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के बीच 2007 वनडे वर्ल्ड कप में ग्रुप-ए का मुकाबला था। सेंट किट्स में बारिश के कारण मैच को 40 ओवर का करना पड़ा। टॉस जीतकर नीदरलैंड्स के कप्तान लूक वेन ट्रूस्ट ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका ये फैसला तब सही साबित होता दिखा जब पहले ही ओवर में एबी डीविलियर्स शून्य पर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद कप्तान ग्रीम स्मिथ और जैक कालिस ने शानदार बल्लेबाजी की और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रन की पार्टनरशिप हुई। स्मिथ 59 गेंद पर 67 रन बनाकर आउट हुए। स्मिथ के आउट होने के बाद हर्शल गिब्स बल्लेबाजी करने आए और दक्षिण अफ्रीका की पारी के 30वें ओवर में वेन बुंगे की लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाकर इतिहास रच दिया। इस ओवर से पहले गिब्स 30 गेंद पर 32 रन बनाकर खेल रहे थे और इसके बाद उनका स्कोर 36 गेंद पर 68 रन हो गया।
गिब्स ने इस मैच में 180 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे
गिब्स ने बुंगे की पहले गेंद पर लॉन्ग ऑन पर छक्का मारा। दूसरी गेंद पर गिब्स ने लॉन्ग ऑफ की सीमा रेखा पार कराई। बुंगे ने तीसरी गेंद थोड़ी फ्लैट फेंकी लेकिन गिब्स नहीं चूके और उन्होंने फिर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का जड़ दिया. चौथी गेंद पर गिब्स ने डीप मिडविकेट, पांचवीं पर वाइड लॉन्ग ऑफ और आखिरी गेंद पर फिर से डीप मिडविकेट पर छक्का मारकर इतिहास रच दिया।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd