जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती महिला के साथ बेहाशी की हालत में एक स्वास्थ्यकर्मी ने बलात्कार किया। स्वास्थ्यकर्मी ने बलात्कार उस वक्त किया, जब सर्जरी के बाद महिला मरीज के मुंह पर ऑक्सीजन लगा हुआ था। इस दौरान महिला के हाथ भी बांध रखे थे। तभी आरोपी ने महिला की इस हालत का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। ऑक्सीजन लगे होने के कारण पीड़िता शोर नहीं मचा पाई। उसने सुबह पति को लिखकर आपबीती बताई। इसके बाद पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चित्रकूट थाना पुलिस ने बलात्कार का मामला दर्ज कर जांच के बाद मंगलवार रात को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि शैल्बी हॉस्पिटल के आइसीयू में हुई इस घटना को लेकर पूछताछ में महिला मरीज से छेड़छाड़ करने की बात सामने आई , जो बलात्कार की श्रेणी में आती है। लिहाजा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला आईसीयू में भर्ती थी। महिला को ऑक्सीजन मास्क लगा हुआ था, वह बेसुध थी। देर रात को एक स्वास्थ्यकर्मी आया। उसने पहले मरीज को बार-बार पिंच करके देखा कि महिला होश में है या नहीं। फिर उसके साथ अश्लीलता करने लगा। उसकी इस हरकत के चलते महिला मरीज रात भर रोती रही। सुबह होने पर जब महिला ने रात की घटना के बारे में अस्पताल की नर्स को बताना चाहा तो आरोपी ने उसे धमकाकर चुप करा दिया।
वहीं इस घटना को लेकर महिला के पति ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब होने के बाद सोमवार को वो उसे शहर के शैल्बी हॉस्पिटल लेकर गए थे। जहां डॉक्टरों ने शाम तक महिला का ऑपरेशन करने की बात कही। रात में करीब 8 बजे आईसीयू में शिफ्ट करने के बाद डॉक्टरों ने कहा कि वो अंदर नहीं जा सकते हैं। इसके बाद वह घर चले गए। रात में महिला का ऑपरेशन हो गया। जब सुबह वो फिर से अस्पताल आए, तो महिला ने अपने साथ हुई इस शर्मनाक घटना के बारे में लिखकर बताया क्योंकि ऑक्सीजन लगे होने के कारण वो बोल नहीं सकती थी।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd