खड़गपुर। बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से चुनावी जनसभा करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों को विकास के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिये। पीएम मोदी ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विधानसभा का यह चुनाव केवल सत्ता में परिवर्तन के लिए ही नहीं बल्कि ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लिए भी है।
उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें वोट की आजादी दी है लेकिन दीदी इस ताकत को छीनती रही है। वर्ष 2018 में पंचायत चुनाव के दौरान लोगों के वोट के अधिकारों को कुचला गया जो कि लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को समझना चाहिए कि संविधान की मर्यादा से बड़ा कुछ भी नहीं है।
उन्होंने राज्य की जनता से पढाई, दवाई, कमाई और सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए निर्भय होकर वोट करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य में कानून का शासन स्थापित होगा और गैर कानूनी कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कर्रवाई होगी।
Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Softfix Technologies OPC Pvt. Ltd