राहुल का मोदी सरकार पर हमला, बोले- गुलाम बनाने की हो रही कोशिश
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को देश की अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ‘मोदी सरकार ने भारतीय अर्थव्यवस्था को कैसे नष्ट किया है’ विषय पर एक वीडियो श्रृंखला की घोषणा करते हुए ट्वीट किया।
राहुल ने कहा कि कैसे नोटबंदी, त्रुटिपूर्ण जीएसटी और कोरोनो वायरस लॉकडाउन ने राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है। ट्विटर पर पहला वीडियो शेयर करते हुए राहुल ने कहा, ‘जो आर्थिक त्रासदी देश झेल रहा है, उस दुर्भाग्यपूर्ण सच्चाई की आज पुष्टि हो जाएगी। भारतीय अर्थव्यवस्था 40 वर्षों में पहली बार भारी मंदी में है। असत्याग्रही इसका दोष ईश्वर को दे रहे हैं।’
जो आर्थिक त्रासदी देश झेल रहा है उस दुर्भाग्यपूर्ण सच्चाई की आज पुष्टि हो जाएगी: भारतीय अर्थव्यवस्था 40 वर्षों में पहली बार भारी मंदी में है।
‘असत्याग्रही’ इसका दोष ईश्वर को दे रहे हैं।
सच जानने के लिए मेरा वीडियो देखें। pic.twitter.com/sDNV6Fwqut
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 31, 2020
उन्होंने यह भी कहा कि अगर असंगठित क्षेत्र नष्ट हो गया तो देश रोजगार पैदा नहीं कर पाएगा। कांग्रेस नेता ने वीडियो जारी कर कहा कहा, ‘जब 2008 में जबरदस्त आर्थिक तूफान आया तो मैंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से पूछा था कि पूरी दुनिया में आर्थिक नुकसान हुआ है मगर हिंदुस्तान में कोई असर क्यों नहीं हुआ? उन्होंने उस वक्त कहा था कि जब तक हिंदुस्तान का असंगठित सिस्टम मजबूत है तब तक देश को कोई भी आर्थिक तूफान छू नहीं सकता।’
राहुल ने कहा, ‘भाजपा की सरकार ने असंगठित अर्थव्यवस्था पर आक्रमण किया है और आपको गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है। हमारे 40 करोड़ मजदूर घोर गरीबी के संकट में फंस सकते हैं। पिछले चार महीनों में करीब दो करोड़ लोगों ने नौकरियां गंवाई हैं।’